पहली बार मीन महोत्सव में जुटे 1000 मत्स्य पालक, 50 कंपनियों की धमाकेदार भागीदारी

लखनऊ, 27 फरवरी।उत्तर प्रदेश ने मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वार्षिक उत्पादन को 13.3 लाख मीट्रिक टन तक पहुँचा दिया है। पिछले छह वर्षों में उत्पादन दोगुना होने के साथ प्रदेश अब देश का तीसरा सबसे बड़ा मत्स्य उत्पादक राज्य बन चुका है।
राजधानी लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय मीन महोत्सव (एक्वा एक्सपो-2026) का शुभारम्भ केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और प्रदेश के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने किया। इस महोत्सव में प्रदेश और देश के करीब 1000 मत्स्य पालक और 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।
115.5% की विकास दर, यूपी बनेगा नंबर-1
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में मत्स्य विकास दर 115.5% तक पहुँच चुकी है। विजन-2047 के तहत उत्तर प्रदेश को अंतर्देशीय मत्स्य पालन में देश का प्रथम राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में उन्नत पशुपालन और आधुनिक मत्स्य पालन की अहम भूमिका है। उन्होंने यूपी में एनएफडीबी सेंटर स्थापित करने की दिशा में कार्य तेज करने का आश्वासन दिया।
प्रदेश के मंत्री डॉ. निषाद ने अमृत सरोवरों को मत्स्य पालन योग्य बनाने, तालाबों के समयबद्ध पट्टे और विज्ञान आधारित तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
114.20 करोड़ की सौगात, 100 करोड़ से बनेंगे एक्वापार्क
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में मत्स्य विभाग के लिए 114.20 करोड़ रुपये की नई राज्य सहायतित योजनाओं को स्वीकृति दी है।
100 करोड़ से इंटीग्रेटेड एक्वापार्क और 3 मत्स्य मंडियों की स्थापना
3 करोड़ से मोती की खेती को बढ़ावा
6 करोड़ से गोरखपुर में वर्ल्डफिश प्रोजेक्ट सेंटर
अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में 6 लाख हेक्टेयर से अधिक जलक्षेत्र उपलब्ध है, जो निवेश और प्रसंस्करण के लिए बड़ा अवसर है।
फिश फूड कोर्ट और टेक्निकल सेशन बने आकर्षण
महोत्सव में फिश फूड कोर्ट, प्रोटीन जागरूकता अभियान और तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों ने मत्स्य बीज उत्पादन, कैट फिश फार्मिंग, झींगा पालन, केज कल्चर और आर्नामेंटल फिश फार्मिंग पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दीं।
उत्तर प्रदेश अब मत्स्य पालन को पारंपरिक गतिविधि से आगे बढ़ाकर औद्योगिक स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। रिकॉर्ड उत्पादन, भारी बजट और निवेश के साथ प्रदेश किसानों की आय बढ़ाने की नई इबारत लिख रहा है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





