15 Best News Portal Development Company In India

परंपरा से प्रगति तक: मूंज शिल्प ने बदली रजनी बाला की दुनिया

SHARE:

 

लखनऊ, 02 मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन और नई संभावनाओं का दौर जारी है। महिलाएं अपने संकल्प और परिश्रम से आत्मनिर्भर विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत आधारशिला बन रही हैं। सुल्तानपुर के कुड़वार ब्लॉक के गांव हरखपुर की रहने वाली रजनी बाला इसका सशक्त उदाहरण हैं, जिन्होंने मूंज उत्पादों में सिकहुला, भउका, दौरी, डोलची और कप जैसी कलाकृतियों को बढ़ावा देकर अपनी अलग पहचान बनाई है।

फाइल फोटो

ग्रामीण कला को बाजार से जोड़कर बढ़ाया मुनाफा
रजनी बाला ने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है। मूंज शिल्प का हुनर उन्हें अपनी मां से विरासत में मिला। आज वे विभिन्न प्रकार के मूंज उत्पाद बनाकर आत्मनिर्भर बनी हैं। उनके पति दिल्ली में एक निजी कंपनी में कैब चलाते हैं और पूरा सहयोग करते हैं। उनका बेटा लखनऊ में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी सुल्तानपुर में अध्ययनरत है।
रजनी बताती हैं कि प्रत्येक उत्पाद पर औसतन लगभग 50 प्रतिशत तक शुद्ध लाभ हो जाता है। यदि किसी उत्पाद को तैयार करने में ₹100 की लागत आती है, तो उसका बाजार मूल्य लगभग ₹150 होता है।
सुल्तानपुर की बेटी ने हस्तशिल्प से गढ़ी अपनी पहचान
अब उनके उत्पादों को अन्य राज्यों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं। सबसे बड़ा और लाभदायक ऑर्डर राजस्थान से मिला, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने करीब 100 महिलाओं को रोजगार दिया। इस तरह वे क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आजीविका से जोड़ रही हैं।
कई जिलों तक पहुंची मेहनत की पहचान
जिला उद्योग कार्यालय का उन्हें महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। जिला उपायुक्त नेहा सिंह के मार्गदर्शन से उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने नोएडा, लखनऊ और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में स्टॉल लगाकर सफल बिक्री की है।
सरकारी योजनाओं से मजबूत हो रही आत्मनिर्भरता
उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ रही हैं। लाखों लाभार्थी इन योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। रजनी बाला जैसी कहानियां पूरे प्रदेश में सकारात्मक बदलाव की मिसाल बन रही हैं।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854