गोमती नगर में रंगों की राजनीति! भाजपा नेताओं का शक्ति प्रदर्शन”
फूलों की होली में सजे सियासी सितारे, सर्वधर्म एकता का दिखा नज़ारा”
लखनऊ, 2 मार्च। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित विभूति खंड में सोमवार शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह द्वारा आयोजित होली मंगल मिलन समारोह राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगम का साक्षी बना। आईएमआरटी बिजनेस स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न धर्मों और वर्गों के हजारों लोग शामिल हुए।

समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंत्री दयाशंकर सिंह, दानिश आजाद अंसारी, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक ओपी श्रीवास्तव, मनीष रावत, अमरेश कुमार, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, भाजपा नेत्री अपर्णा यादव, उद्योगपति नेटवर गोयल, सीएमओ एन बी सिंह सहित व्यापारी, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
फूलों की होली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत से हुई। नीरज सिंह ने सभी विशिष्ट अतिथियों को गुलाल लगाकर और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद मंच पर कलाकारों द्वारा पारंपरिक होली गीत, फाग और भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर उपस्थित लोग देर तक झूमते रहे।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने फूलों की होली खेली। गुलाल और पुष्पवर्षा से पूरा परिसर रंगों से सराबोर हो गया। देर रात तक चले रंगोत्सव में लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी।
सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का संदेश
समारोह की विशेषता रही कि इसमें सर्वधर्म समाज की भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते नजर आए।
नीरज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेद मिटाकर प्रेम और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पारंपरिक व्यंजन—गुजिया, ठंडाई और चाट—का आनंद भी उठाया।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





