मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में खरीदी करीब 2.67 एकड़ जमीन, सरयू तट के पास हुई रजिस्ट्री
अयोध्या से विशेष रिपोर्ट, चौथा प्रहरी।
अयोध्या। राम नगरी अयोध्या में तेजी से बढ़ते रियल एस्टेट निवेश के बीच बॉलीवुड के महानायक Amitabh Bachchan द्वारा जमीन खरीदने की खबर ने एक बार फिर शहर को सुर्खियों में ला दिया है। सूत्रों के अनुसार अभिनेता ने अयोध्या में करीब 2.67 एकड़ (लगभग 10,617 वर्ग मीटर) भूमि की रजिस्ट्री कराई है।

बताया जा रहा है कि यह जमीन सरयू नदी के आसपास के क्षेत्र में स्थित है और इसकी कीमत करीब 25 से 35 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। रजिस्ट्री की प्रक्रिया अभिनेता की ओर से राजेश ऋषि यादव के माध्यम से पूरी कराई गई।
अयोध्या में बढ़ रहा निवेशकों का रुझान
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद शहर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। इसी कारण यहां जमीन और संपत्ति में निवेश करने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश के कई बड़े उद्योगपति, कारोबारी और चर्चित हस्तियां भी अयोध्या के रियल एस्टेट बाजार में दिलचस्पी दिखा रही हैं।
सरयू तट के आसपास बढ़ी जमीन की कीमत
स्थानीय जानकारों के अनुसार सरयू नदी के आसपास का क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकसित हो रहा है। धार्मिक पर्यटन, होटल और अन्य परियोजनाओं के चलते यहां जमीन की मांग और कीमत दोनों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
रियल एस्टेट बाजार में बढ़ी हलचल
अमिताभ बच्चन द्वारा जमीन खरीदने की खबर सामने आने के बाद अयोध्या के प्रॉपर्टी बाजार में भी चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अयोध्या आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में से एक बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे यहां निवेश की संभावनाएं और बढ़ सकती हैं।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अभिनेता इस जमीन का उपयोग किस उद्देश्य से करेंगे, लेकिन इस निवेश को अयोध्या के बढ़ते महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





