लखनऊ, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) में बस संचालन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को परिवहन निगम मुख्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए बताया कि इस माह के अंत तक करीब 6500 चालकों और परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि परिवहन निगम में 3060 चालकों और 3614 परिचालकों की भर्ती की जाएगी। भर्ती की प्रक्रिया फिलहाल अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में बस संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में बसों के संचालन या आय में कमी की शिकायतें मिल रही हैं, वहां के क्षेत्रीय प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने बजट और परिवहन सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग को मिले बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और बसों की खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि प्रदेश की जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
बैठक में अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल, प्रबंध निदेशक परिवहन निगम प्रभु एन सिंह, विशेष सचिव परिवहन केपी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





