लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के चुनाव को लेकर एनेक्सी मीडिया सेंटर में नामांकन प्रक्रिया जोर पकड़ती जा रही है। 16 मार्च से शुरू हुआ नामांकन का सिलसिला चौथे दिन भी जारी रहा, जहां गुरुवार को कुल 9 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

चुनाव प्रक्रिया के इस चरण में राज्य मुख्यालय के मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। वरिष्ठ पत्रकार सुल्तान शहरयार खान ने सबसे पहले अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि शेखर पंडित ने भी सदस्यता ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सभी को चौंका दिया।
महासचिव पद पर भी मुकाबला कम रोचक नहीं है। इस पद के लिए वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेश पाठक और शैलेष प्रताप सिंह ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। समिति में अध्यक्ष और महासचिव दोनों पदों को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, ऐसे में इन पदों पर मुकाबला कड़ा होने की संभावना है।
चैत्र नवरात्र के चलते दोपहर बाद नामांकन केंद्र पर भीड़ बढ़ती देखी गई। विशेष रूप से दोपहर 2 बजे के बाद बड़ी संख्या में पत्रकार नामांकन प्रक्रिया में शामिल हुए। निर्धारित समय के अनुसार शाम 5 बजे के बाद नामांकन प्रक्रिया को बंद कर दिया गया।
नामांकन प्रक्रिया संयोजक प्रभात त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान चुनाव आयोग की ओर से वरिष्ठ पत्रकार उमेश चंद्र मिश्र, अजीत सिंह, रविशंकर उपाध्याय, सर्वजीत सिंह (सूर्यवंशी), त्रिनाथ शर्मा और उमाकांत बाजपेई की मौजूदगी में सभी नामांकन पत्र भरे गए।
अन्य पदों की बात करें तो कोषाध्यक्ष पद पर अब तक एकमात्र नामांकन पत्रकार विक्रम राव द्वारा किया गया है। संयुक्त सचिव पद के लिए वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए विवेक कुमार शुक्ला, छायाकार बलराम गुप्ता और सुभाष चंद्र मिश्रा ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
अब तक कुल 20 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया के लिए 20 मार्च और 23 मार्च की तिथियां अभी शेष हैं, जिससे आने वाले दिनों में और उम्मीदवार मैदान में उतर सकते हैं।
एनेक्सी मीडिया सेंटर में पिछले चार दिनों से शांतिपूर्ण माहौल में नामांकन प्रक्रिया जारी है। 25 मार्च को प्रस्तावित चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश के पत्रकारों और संबंधित अधिकारियों की निगाहें टिकी हुई हैं।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






