15 Best News Portal Development Company In India

नवरात्रि पर यूपी के देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

SHARE:

नवरात्रि के दौरान यूपी के देवी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

लखनऊ, 20 मार्च। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों में आस्था का अद्भुत जनसैलाब देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के दूसरे दिन भी शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लाखों की संख्या में भक्तों ने मां भगवती का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। सुबह से देर शाम तक यहां 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेका। प्रशासन के अनुसार, सुबह के समय ही भक्तों की संख्या 2 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। पूरे दिन और रात दर्शन का सिलसिला जारी रहा, जिससे मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं का प्रवाह बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पेयजल, छाया, कूलर और एलईडी स्क्रीन जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे कतार में खड़े भक्तों को भी मां के दर्शन सुलभ हो सकें। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे दर्शन प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे।
इसी क्रम में मां ललिता देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। पिछले दो दिनों में यहां लगभग 2.5 से 3 लाख भक्तों ने दर्शन किए। पौराणिक मान्यता के अनुसार यह स्थल 51 शक्तिपीठों में से एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसके अलावा अलोप शंकरी मंदिर और कल्याणी देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
वाराणसी स्थित मां विशालाक्षी मंदिर में भी भक्तों की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई। जहां आम दिनों में 4 से 5 हजार श्रद्धालु आते हैं, वहीं नवरात्रि के दौरान यह संख्या बढ़कर 7 से 8 हजार तक पहुंच गई है। यहां दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति देखने को मिली, जिससे मंदिर का वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।
सहारनपुर के शाकुम्भरी देवी मंदिर में नवरात्रि के दूसरे दिन शाम तक 80 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके थे। वहीं बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में करीब 2.5 लाख भक्तों ने मां के दर्शन किए।
मथुरा-वृंदावन क्षेत्र भी इस दौरान भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मां कात्यायनी मंदिर में शुरुआती दो दिनों में ही 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
नवरात्रि के दौरान उमड़ी इस भारी भीड़ में युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिली। “जय माता दी” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे और श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर नजर आया।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर निगम की टीमें लगातार साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रदेश में नवरात्रि के दौरान उमड़ा यह जनसैलाब न केवल गहरी आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नई पीढ़ी में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में चल रहे सांस्कृतिक पुनर्जागरण के बीच इस तरह की भागीदारी समाज में एक सकारात्मक संदेश भी देती है।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854