लखनऊ, 29 मार्च। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में रविवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 665 नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर कार्यक्रम का माहौल उत्साह, गर्व और भावनाओं से भरा रहा। चयनित अभ्यर्थियों की आंखों में खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने खुलकर अपनी मेहनत, संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान एक-एक कर मंच पर आए अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर केवल योग्यता को महत्व दिया जा रहा है, जो एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

मोहनलालगंज, लखनऊ की प्रियंका सिंह ने बताया कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के कारण उन्हें प्रथम रैंक हासिल करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष थी और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई संभावना नहीं थी। प्रियंका ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को अपने जीवन का एक यादगार क्षण बताया और इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, विशेषकर अपने बड़े भाई को दिया।
सुल्तानपुर की संध्या सिंह ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दो चरणों में आयोजित परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि केवल योग्य उम्मीदवारों का ही चयन हुआ। संध्या ने इस उपलब्धि को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मैनपुरी की अनामिका यादव ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कड़ी निगरानी थी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना ही समाप्त हो गई थी। उन्होंने इसे सरकार की ईमानदारी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया का स्पष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब शरिमा सिद्दीकी ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पहले उनके मन में उत्तर प्रदेश को लेकर कुछ नकारात्मक धारणाएं थीं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में राज्य में हुए विकास कार्यों ने उनकी सोच को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और यहां अवसरों की कोई कमी नहीं है।
आकांक्षा नामक अभ्यर्थी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने को अपने जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और पारदर्शी चयन प्रक्रिया का परिणाम है, जिसने योग्य उम्मीदवारों को आगे बढ़ने का अवसर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों ने एक स्वर में कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि सिस्टम पर भरोसा मजबूत करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि यदि मेहनत और लगन के साथ तैयारी की जाए, तो सफलता निश्चित है।
यह कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह युवाओं के मन में विश्वास जगाने का माध्यम भी बना। चयनित नर्सिंग अधिकारियों के अनुभवों से यह साफ झलक रहा था कि उत्तर प्रदेश में अब पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





