खाली कुर्सियों से दिखी सपा की जमीनी हकीकत, अखिलेश यादव पर डिप्टी सीएम का तंज—जनता अब विकास चाहती है
लखनऊ, 29 मार्च।नोएडा में समाजवादी पार्टी की हालिया रैली को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रैली को पूरी तरह फ्लॉप बताते हुए सपा और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रैली में खाली पड़ी कुर्सियों ने यह साफ कर दिया है कि जनता अब समाजवादी पार्टी से दूरी बना चुकी है और उसकी राजनीति को नकार चुकी है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिस नोएडा को समाजवादी पार्टी के शासनकाल में “मिनी सीएम” और वसूली के मॉडल के रूप में बदनाम किया गया था, आज उसी क्षेत्र की जनता ने सपा को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में ठेके, पट्टे और अवैध वसूली का बोलबाला था, जिससे आम जनता त्रस्त थी।
डिप्टी सीएम ने रैली में भीड़ न जुटने को सपा के कमजोर होते जनाधार का संकेत बताते हुए कहा कि यह साफ संदेश है कि पार्टी अब जमीन से कट चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता अब जातिवादी और अवसरवादी राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सुशासन और स्थिरता को प्राथमिकता दे रही है।
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि जो नेता वर्षों तक अंधविश्वास और अपशकुन के कारण नोएडा आने से बचते रहे, वही अब सत्ता की लालसा में वहां रैली कर रहे हैं। लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि सपा शासन में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी और आम नागरिक असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थे।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि नोएडा और दादरी क्षेत्र एक समय अराजकता और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते थे। व्यापारी, महिलाएं और युवा तक वहां जाने से डरते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र अब निवेश, उद्योग और रोजगार का बड़ा केंद्र बन चुका है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नोएडा-दादरी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। खासतौर पर जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल होगा।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश अब “बीमारू राज्य” की छवि से बाहर निकलकर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है और राज्य देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना रहा है।
ब्रजेश पाठक ने सपा पर समाज को जाति के आधार पर बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अभी भी पुरानी राजनीति में उलझी हुई है। इसके विपरीत भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि काम और परिणाम पर भरोसा करती है।
अंत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रुकने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है और आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बनेगा।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





