लखनऊ,06अप्रैल। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पत्रकारिता के आदर्शों को समर्पित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों की शपथ लिया है। राजभवन के सामने लोक निर्माण मुख्यालय परिसर स्थित विश्वेश्वरैया हाल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।

निष्पक्षता और स्वाभिमान पर रहा बल
समारोह के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य मुख्यालय और लखनऊ के पत्रकारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से समिति का पुनर्गठन किया गया है। साथ ही आश्वस्त किया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए टीम सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम रह मन मोहक
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद अयोध्या से आई सांस्कृतिक टीम ने लोकगीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिए। लोक गायिका प्रकृति यादव के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
समिति के अध्यक्ष पद पर शेखर पंडित, महासचिव ज्ञानेश पाठक, कोषाध्यक्ष विक्रम राव सहित अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया। उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों ने भी अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बैजनाथ रावत ने कहा कि पत्रकारों की पहचान उनकी निष्पक्षता से होती है और उन्हें अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। वहीं एमएलसी पवन सिंह चौहान ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए जिम्मेदारी और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पत्रकारों की आवाज को मजबूती मिल सकती है। पदाधिकारियों ने जल्द ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात भी कही।
पत्रकारों में दिखा उत्साह
समारोह का समापन पत्रकारिता के मूल्यों को सुदृढ़ करने और संगठन को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन ने मौजूद पत्रकारों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना का संचार किया।
नवागत पदाधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो चुका है अब बारी है पत्रकारों की समस्याओं और लघु और मध्यम समाचार पत्रों को मिलने वाले विज्ञापन कितने अधिक से अधिक मिले और अखबारों का उत्थान हो सके इस पर पदाधिकारी का जोर होना चाहिए। इसका फायदा समाचार पत्रों के साथ पदाधिकारियों का प्रभाव भी बढ़ेगा। हालांकि इस पर पदाधिकारी कितना अमल करते हैं या तो आने वाला समय ही बताएगा।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





