नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान में महापौर का निरीक्षण, 2 महीने में सीवर कार्य पूरा करने का निर्देश
अयोध्या, 10 अप्रैल।नगर निगम के ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को महापौर ने हनुमान कुंड वार्ड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान जलभराव, सफाई और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। महापौर ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए जलवानपुरा की सड़क को ऊंचा कराने का बड़ा वादा किया, जिससे बरसात में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
सुबह करीब 9 बजे महापौर ने अपने निरीक्षण की शुरुआत बिरला मंदिर के उत्तरी छोर की गली से की। शुरुआत में नगर निगम की टीम सफाई करती दिखी, लेकिन कुछ दूरी पर गोबर जमा मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीराम भोजनालय के सामने रुके और दुकानदारों से बातचीत की। उन्होंने सभी को कूड़ा केवल कूड़ेदान में डालने की सख्त हिदायत दी और सही तरीके से कचरा प्रबंधन करने की जानकारी भी दी।
जैसे ही टीम बिरला मंदिर के पीछे जलवानपुरा क्षेत्र में पहुंची, स्थानीय निवासियों ने जलभराव की गंभीर समस्या उठाई। रामनाथ पांडे ने बताया कि बारिश के दौरान पानी घरों में घुस जाता है, जिससे रहना मुश्किल हो जाता है। इस पर पार्षद प्रतिनिधि अभय श्रीवास्तव ने सड़क ऊंची करने की जरूरत बताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार से जानकारी ली। बताया गया कि इस क्षेत्र में जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है। जल निगम के अधिकारियों ने दो महीने में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। इस पर महापौर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि तय समय में पाइपलाइन डालकर सड़क नगर निगम को सौंप दी जाए, ताकि उसके बाद सड़क को ऊंचा करने का कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।
आगे निरीक्षण के दौरान सुबोध नारायण झा ने पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाई। इस पर महापौर ने जल निगम के महाप्रबंधक को नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नालियों की मैनपावर से सफाई कराने का आदेश भी दिया, ताकि जल निकासी की समस्या दूर हो सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिक सिद्धार्थ ने महापौर, नगर आयुक्त और पार्षद प्रतिनिधि का सम्मान भी किया। इस मौके पर महापौर ने दंतधावन कुंड और अंबेडकर पार्क के पास लोगों की जरूरत को देखते हुए वाटर कूलर लगाने का भी वादा किया।
इसके अलावा विक्रम चौधरी के घर के सामने जलभराव की समस्या को देखते हुए पंप लगाकर पानी निकालने का भरोसा दिया गया। साथ ही क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन की आवश्यकता भी बताई गई। नगर आयुक्त ने क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया और खराब स्ट्रीट लाइट को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, जोनल अधिकारी अशोक गुप्त, सहायक अभियंता जलकर जयकुमार, निर्माण खंड के सहायक अभियंता भारत वर्मा और राजपति यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854




