अयोध्या,12 अप्रैल।अयोध्या में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अखिल भारतीय प्रधान संगठन, जनपद अयोध्या की एक महत्वपूर्ण बैठक में समय पर चुनाव कराने की मांग जोर-शोर से उठाई गई। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित समय में चुनाव नहीं कराए जाते हैं, तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।
शहर के सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित इस बैठक में जिले भर के पदाधिकारी और विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में पंचायत चुनाव की मौजूदा स्थिति, प्रशासनिक तैयारियों और संभावित देरी के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगठन के जिला अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं, इसलिए समय पर इनका आयोजन सरकार और चुनाव आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो सरकार को मौजूदा प्रधानों का कार्यकाल कम से कम एक वर्ष तक बढ़ाने पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर संवैधानिक प्रावधानों के कारण कार्यकाल बढ़ाना संभव नहीं होता है, तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक के रूप में नियुक्त किया जाए। इससे ग्रामीण विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
बैठक में कोरोना काल का भी जिक्र किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उस कठिन दौर में प्रधानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गांव-गांव में राहत और सहायता कार्य किए थे। इसके बावजूद कई विकास कार्य अधूरे रह गए या गति नहीं पकड़ पाए। ऐसे में यदि वर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाया जाता है, तो अधूरे कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
संगठन ने आगे की रणनीति भी तय की। निर्णय लिया गया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में अलग-अलग बैठकें आयोजित कर खंड विकास अधिकारियों (BDO) को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर सभी प्रधान एकजुट होकर जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार और चुनाव आयोग को सामूहिक ज्ञापन भेजेंगे।
बैठक में बड़ी संख्या में प्रधान और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अनुराग सिंह, मोहम्मद नईम, इंद्रसेन यादव, सुभाष शुक्ला, ओम प्रकाश यादव, रक्षाराम यादव, मोहम्मद जुनेद अंसारी, अनूप कुमार वर्मा, अमरनाथ यादव, चंद्रजीत सिंह, योगेंद्र सिंह, चंद्रभूषण सिंह, दुर्गा प्रसाद निषाद, विष्णु कुमार निषाद, सूर्यनारायण गुप्ता सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रधान संगठन की यह मांग आने वाले दिनों में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन सकती है।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





