अयोध्या, 12 अप्रैल।अयोध्या नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मंडलायुक्त परिसर स्थित गांधी सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 736 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने की। इस दौरान कार्यकारिणी के नए सदस्यों का चुनाव भी संपन्न हुआ और संतोष सिंह को सर्वसम्मति से उपसभापति निर्वाचित किया गया।

बैठक की शुरुआत कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों के चुनाव से हुई। नवनिर्वाचित सदस्यों में भाजपा से संतोष सिंह, रामशंकर निषाद, गायत्री देवी और मनीषा यादव शामिल हैं। वहीं निर्दलीय कोटे से विकास कुमार और आभा पांडेय को कार्यकारिणी में स्थान दिया गया। इन सदस्यों ने अपने कार्यकाल पूरा कर चुके अनुज दास, सुल्तान अंसारी, उपसभापति राजेश गौड़, हरिशचंद्र अग्रहरि, अभिनव पांडे और गरिमा मौर्य का स्थान लिया।
नेता सदन बृजेन्द्र सिंह ने भाजपा सदस्यों के नाम प्रस्तावित किए, जबकि निर्दलीय पार्षदों के नाम सूर्यकुमार तिवारी सूर्या ने प्रस्तुत किए, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इसके बाद संतोष सिंह को उपसभापति चुना गया, जिन्होंने राजेश गौड़ का स्थान ग्रहण किया। सदन में सचेतक के रूप में अनुज दास तथा उप सचेतक के रूप में अनूप कुमार और दीप कुमार का चयन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत करतल ध्वनि के साथ किया गया। महापौर, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और अन्य अधिकारियों व पार्षदों ने उन्हें बुके और माल्यार्पण कर बधाई दी। इस दौरान विधायक वेदप्रकाश गुप्त भी मौजूद रहे।
इसके बाद सदन में बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 735 करोड़ 66 लाख 35 हजार रुपये का प्रस्ताव रखा गया था। इसके साथ ही प्रारंभिक अवशेष 121 करोड़ 55 लाख 63 हजार रुपये को जोड़ते हुए कुल अनुमानित आय 798 करोड़ 81 लाख 98 हजार रुपये आंकी गई।
पार्षद अनुज दास ने बजट को सर्वसम्मति से पारित करने का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन नेता विपक्ष विशाल पाल समेत सभी पार्षदों ने मेज थपथपा कर किया। बजट चर्चा के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
पूर्व उपसभापति जयनारायण सिंह रिंकू ने रायबरेली रोड स्थित कल्याण मंडपम का नाम अमर शहीद कैप्टन शशांक तिवारी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन जयनारायण यादव सहित सभी पार्षदों ने किया। इसके अलावा जयनारायण सिंह रिंकू ने शहीद राजकुमार यादव के नाम पर भी किसी स्मारक का नामकरण किए जाने का मुद्दा उठाया, जिस पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने सहमति जताई। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा अमर शहीदों के सम्मान में प्रकाश और हैंडपंप की व्यवस्था भी कराई गई है।
बैठक के दौरान पार्षद विनय जायसवाल ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाली संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस पर अंकित तिवारी सहित अन्य पार्षदों ने भी समर्थन किया। इसके अलावा सदन में पार्षद निधि निर्धारित करने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया।
बजट चर्चा में नेता सदन बृजेंद्र सिंह, नेता विपक्ष विशाल पाल, रामभवन यादव, निर्दलीय पार्षद दल के नेता सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, चंदन सिंह, सुमन, मनीषा यादव, गरिमा मौर्या, अर्चना, अभिनव पांडे, अखिलेश पांडे, राशिद सलीम और मुकेश कुमार सहित कई पार्षदों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीशम, उपसभापति राजेश गौड़, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, मुख्य अभियंता सिविल पुनीत ओझा, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने किया।
बैठक के अंत में महापौर ने घोषणा की कि नगर निगम के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को सुबह 11 बजे सर्किट हाउस सभागार में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जनप्रतिनिधियों को सूचना देने और कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





