पीएम मोदी के ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का निरीक्षण करने अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
अयोध्या 18 नवंबर। रामनगरी अयोध्या में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। सीएम योगी अपने कार्यक्रम की शुरुआत संकट मोचन हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन से की, जहां उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।हनुमानगढ़ी में प्रभु हनुमान के समक्ष शीश नवाने तथा पूजन-दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे श्रीरामलला विराजमान के दरबार पहुंचे। यहां आरती के बाद उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश झुकाया और परिक्रमा करते हुए मंदिर निर्माण की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया।दर्शन-पूजन के उपरांत राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें मंदिर निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।श्रीरामलला के दर्शन के बाद जब मुख्यमंत्री बाहर निकले तो बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने भी हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जय श्रीराम के नारे से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। आगमन पर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायकगण वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, बीजेपी जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव समेत अनेक जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।सनद हो कि सीएम योगी आदित्यनाथ का यह नवंबर महीने का प्रथम रामनगरी अयोध्या दौरा है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






