बाराबंकी,चौथा प्रहरी 13 दिसंबर। जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की सड़कों पर भूसी से लदे ओवरलोड वाहनों की संख्या में वृद्धि हुई है। जहांगीराबाद से बाराबंकी मार्ग पर प्रतिदिन तेज रफ्तार भूसा और भूसी लदे ट्रक गुजरते हैं। इन ओवरलोड वाहनों के कारण सिंगल रोड पर यातायात बाधित हो रहा है, जिससे बड़े हादसों की आशंका बढ़ गई है।
भारी वाहनों की अधिकता के कारण इस सिंगल रोड पर अक्सर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इन ट्रकों की तेज रफ्तार और भूसी उड़ने के कारण आसपास के चौराहों और सड़क किनारे लगने वाले बाजारों में भी जाम की स्थिति बन जाती है। छोटे वाहन चालकों को इन ट्रकों से दूरी बनाकर चलना पड़ता है और उड़ती हुई भूसी की धूल का सामना करना पड़ता है।खबर में लगी तस्वीरों में देखा जा सकता है कि भूसी की लोडिंग इतनी अधिक है कि वाहनों की एचएसआरपी भी दिखाई नहीं देती। एक वाहन नंबर UP32/6832) सिंगल रोड पर भूसी उड़ाता हुआ जा रहा था, जिससे पीछे आ रहे छोटे-बड़े वाहनों के लिए परेशानी हो रही थी। जब इस संबंध में पीटीओ रवि त्यागी से बात की गई। उन्होंने बताया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों पर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






