मथुरा,चौथा प्रहरी 16 दिसंबर। बीती सोमवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे ने कहर बरपा दिया। आगरा से नोएडा जा रही लेन पर बलदेव थाना क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइल स्टोन 125 पर तेज रफ्तार वाहनों की भीषण टक्कर हो गई। देखते ही देखते 6 बसें और 2 कारें आग की चपेट में आ गईं। हादसे में चार यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक लोग घायल हो गए।
दृश्यता शून्य होने के कारण वाहन चालकों को आगे-पीछे कुछ दिखाई नहीं दिया और एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों में आग लग गई। बसों में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई, जबकि कुछ अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर आगरा से नोएडा की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया। क्रेन की मदद से जले वाहनों को हटाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के मुताबिक मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी सीपी सिंह व पुलिस अफसर मौके पर डटे हुए हैं, जबकि घायलों को 20 से अधिक एंबुलेंस से अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






