15 Best News Portal Development Company In India

उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी बने रविंद्र कुमार

SHARE:

 

अयोध्या, 13 जनवरी। उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन

की नवगठित कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही प्रदेश भर के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों में उत्साह का माहौल बन गया। खास तौर पर अयोध्या जनपद के लिए यह घोषणा गौरव का क्षण रही, क्योंकि जिले के सक्रिय खेल पदाधिकारी रविन्द्र कुमार को जॉइंट सेक्रेटरी पद पर निर्वाचित किया गया है। घोषित कार्यकारिणी के अनुसार अध्यक्ष पद पर सत्य प्रकाश सिंह (झांसी), सचिव पद पर मंजीत सिंह (लखनऊ) और कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद इसार (वाराणसी) को चुना गया है। जॉइंट सेक्रेटरी पद पर अयोध्या के रविन्द्र कुमार ने कुल 36 में से 30 मत प्राप्त कर सर्वाधिक वोट हासिल किए और ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस सफलता ने उनके प्रति प्रदेश के जिला संघों के विश्वास को भी स्पष्ट किया है।
रविन्द्र कुमार लंबे समय से अयोध्या में रोलर स्केटिंग खेल के विकास से जुड़े रहे हैं। वे खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके प्रयासों के चलते कई खिलाड़ी जिला व प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। रविन्द्र कुमार के निर्वाचित होने पर जिला रोलर स्केटिंग संघ, अयोध्या में खुशी का माहौल है। संघ की अध्यक्ष पिंकी रावत, कोषाध्यक्ष अभिषेक, प्रशिक्षक वीरेंद्र, प्रशिक्षक पूनम तथा सदस्य शालिनी पासवान सहित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी में रविन्द्र कुमार की सक्रिय भूमिका से उत्तर प्रदेश में रोलर स्पोर्ट्स को नई दिशा मिलेगी।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854