Yogi Adityanath: सुरक्षा और शांति के माहौल में ही उमंग के पर्व होते हैं उत्सवी
गोरखपुर, 4 फरवरी। होलिकोत्सव के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया। परंपरा के अनुसार होलिकोत्सव का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि उमंग और उल्लास के पर्व तभी भव्य और उत्सवी रूप में मनाए जाते हैं, जब समाज में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का भाव होता है।

बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा देश आज विश्वास और सुरक्षा के वातावरण में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा और पूर्वजों ने हजारों वर्षों की होली की विरासत हमें सौंपी है, जिसे वर्तमान पीढ़ी पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिकादहन के कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जो कानून-व्यवस्था की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि होलिकादहन भगवान श्रीहरि विष्णु के नृसिंह अवतार के स्मरण का अवसर है, जो सज्जन शक्ति की रक्षा और दुर्जन शक्ति के दमन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज में कहीं अराजकता या अव्यवस्था है तो सकारात्मक शक्तियों को संगठित होकर उसे समाप्त करना होगा। प्रह्लाद, शबरी और अर्जुन जैसे आदर्श पात्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए तो नकारात्मक ताकतें स्वतः परास्त होंगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत विकसित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। अमृतकाल में देश को सशक्त नेतृत्व प्राप्त हुआ है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि समरसता और सौहार्द का यह पर्व आने वाली पीढ़ियां भी इसी उत्साह के साथ मनाती रहें।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





