गोरखपुर,5 मार्च(विनय प्रकाश सिंह),गोरखपुर में जनता के साथ बुधवार को दिनभर होली की खुशियां साझा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनसेवा के नियमित प्रकल्प ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने कहा कि हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और सभी को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए दृढ़ संकल्पित है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी के साथ अन्याय न हो और हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान कई लोग उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर शासन को भेजा जाए।

Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






