लखनऊ, 5 मार्च। उत्तर प्रदेश पुलिस को जल्द ही 50 नए दोपहिया वाहन मिलने जा रहे हैं। होंडा इंडिया फाउंडेशन अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के तहत ये वाहन उपलब्ध कराएगा।

इन 50 क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) दोपहिया वाहनों को शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश पुलिस और होंडा इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण भी मौजूद रहेंगे।
बॉर्डर जिलों को मिलेगी प्राथमिकता
ये सभी वाहन उत्तर प्रदेश पुलिस के बेड़े में शामिल किए जाएंगे। इनका उपयोग मुख्य रूप से सीमावर्ती जिलों में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
सहारनपुर को 5 वाहन दिए जाएंगे, जबकि शामली, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर, पीलीभीत, महोबा, बांदा, प्रतापगढ़, खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, देवरिया और सोनभद्र को तीन-तीन वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
2017 के बाद बढ़ा पुलिस का वाहन बेड़ा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस के संसाधनों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2017 में पुलिस के पास चार पहिया वाहनों की संख्या करीब 9500 और दोपहिया वाहनों की संख्या लगभग 3000 थी।
वर्तमान समय में यह संख्या काफी बढ़ चुकी है। अब चार पहिया वाहनों की संख्या 15,500 और दोपहिया वाहनों की संख्या 9200 तक पहुंच गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 से पहले पुलिस वाहनों की खरीद के लिए जहां 85 करोड़ रुपये का प्रावधान था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 280 करोड़ रुपये तक कर दिया गया है।
रिपोर्ट: विनय प्रकाश सिंह
चौथा प्रहरी
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





