15 Best News Portal Development Company In India

अभ्युदय योजना से मिली उड़ान, यूपीएससी-2025 में 6 अभ्यर्थियों का चयन

SHARE:

भागीदारी भवन की आवासीय कोचिंग से 2 और मॉक इंटरव्यू से जुड़े 4 अभ्यर्थियों ने पाई कामयाबी

लखनऊ, 6 मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के मेधावी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एक बार फिर अपने प्रभावशाली परिणामों के साथ सामने आई है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग और मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम से जुड़े 6 अभ्यर्थियों का चयन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में हुआ है।
योगी सरकार की इस पहल के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मजबूत आधार मिल रहा है। इससे न केवल युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है बल्कि प्रशासनिक सेवाओं में उत्तर प्रदेश की भागीदारी भी लगातार मजबूत हो रही है।
चयनित अभ्यर्थियों को मंत्री असीम अरुण ने दी बधाई
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को भी सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभ्यर्थियों का शानदार प्रदर्शन
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विमल कुमार को 107वीं रैंक और विपिन देव यादव को 316वीं रैंक प्राप्त हुई है।
वहीं, भागीदारी भवन आवासीय कोचिंग एवं अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम में शामिल अभ्यर्थियों में मानसी को 444वीं, महेश जायसवाल को 590वीं, अदिति सिंह को 859वीं तथा तनीषा सिंह को 930वीं रैंक हासिल हुई है।
विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों का मिलता है मार्गदर्शन
समाज कल्याण विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है।
यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारी अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कोचिंग के दौरान अभ्यर्थियों को निशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन सामग्री तथा ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें बेहतर तैयारी का अवसर मिलता है।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854