15 Best News Portal Development Company In India

अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026: यूपी में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

SHARE:

योगी सरकार की पहल पर 89 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई परीक्षा, श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम

लखनऊ, 9 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश हेतु परीक्षा पहली बार पूरे प्रदेश में एक ही दिन आयोजित की गई। यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बनाए गए 89 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर योजना के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाया।

21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

Atal awasiy entrance examination
अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र में परीक्षा देते विद्यार्थी (सांकेतिक चित्र)।

कक्षा 6 में प्रवेश के लिए निर्धारित 2880 सीटों के सापेक्ष 12,018 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि कक्षा 9 की 1140 सीटों के लिए 9,054 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 21,072 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया।
पारदर्शिता और एकरूपता पर विशेष ध्यान
इस वर्ष परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्र प्रदेश स्तर पर विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए, जिससे सभी परीक्षा केंद्रों पर एक समान मानकों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जा सके।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, श्रम विभाग, नामित नोडल अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के माध्यम से समुचित व्यवस्थाएं की गईं। सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
श्रमिकों के बच्चों को मिल रही निःशुल्क आवासीय शिक्षा
गौरतलब है कि अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और निराश्रित बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा, भोजन, यूनिफॉर्म, पुस्तकें, खेलकूद सुविधाएं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां उपलब्ध कराई जाती हैं।
इन विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप आधुनिक कक्षाएं, छात्रावास, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर मिल सकें।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854