बेकार पड़ी एंबुलेंस से बना रोजगार का साधन, रामपुर में अनोखी पहल
लखनऊ/रामपुर। उत्तर प्रदेश में नवाचार और वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के “जीरो वेस्ट” विजन को धरातल पर उतारते हुए Rampur जिला प्रशासन ने खराब और निष्क्रिय पड़ी सरकारी एंबुलेंस को रोजगार का साधन बना दिया है।

जिला प्रशासन की इस पहल के तहत खराब हो चुकी 8 सरकारी एंबुलेंस को मॉडिफाई कर मोबाइल वैनशॉप में परिवर्तित किया गया है। इन वैनशॉप को शहर के रेहड़ी-पटरी संचालकों को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सौंप दिया गया है।
कचरे को संसाधन में बदलने की पहल
जिलाधिकारी Ajay Kumar Dwivedi ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संदेश है कि कचरे को समस्या नहीं बल्कि संसाधन के रूप में देखा जाए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जिले में लंबे समय से खड़ी निष्प्रयोज्य एंबुलेंस को नए रूप में उपयोग करने की योजना बनाई गई।
इसके बाद इन सभी पुराने वाहनों को तकनीकी रूप से संशोधित कर आकर्षक मोबाइल दुकानों में बदल दिया गया। इस पहल के तहत तैयार की गई वैनशॉप को शहर के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को सौंपा गया, जिससे उन्हें स्थायी और सुरक्षित रोजगार का अवसर मिल सके।
फोटो चुंगी के पास विकसित हुआ वेंडिंग जोन
नगर क्षेत्र के फोटो चुंगी के पास Pradhan Mantri Street Vendor’s AtmaNirbhar Nidhi Scheme (प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना) के अंतर्गत एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किया गया है। इसी स्थान पर सभी 8 मॉडिफाई वैनशॉप को स्थापित किया गया है।
दरअसल शहर में लंबे समय से अव्यवस्थित ढंग से लगने वाले ठेले और रेहड़ी-पटरी के कारण यातायात बाधित होता था और समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते छोटे कारोबारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए यह अभिनव प्रयोग किया गया।
छोटे कारोबारियों को मिला स्थायी ठिकाना
इस नई व्यवस्था के बाद रेहड़ी-पटरी संचालकों को अपने व्यवसाय के लिए स्थायी स्थान मिल गया है। इससे न केवल उनका रोजगार सुरक्षित हुआ है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले से अधिक व्यवस्थित होने लगी है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने वेंडिंग जोन में पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की और उनके कारोबार की जानकारी ली। दुकानदारों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने व्यवसाय के लिए सुरक्षित और स्थायी ठिकाना मिल गया है।
एक ही स्थान पर मिलेगा छोटा बाजार
वेंडिंग जोन में स्थापित मोबाइल दुकानों के माध्यम से अब आम लोगों को कपड़े, फास्ट फूड, खाने-पीने की वस्तुएं, बच्चों के खिलौने और दैनिक उपयोग की चीजें एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। स्थानीय लोगों के लिए यह स्थान धीरे-धीरे एक छोटे बाजार के रूप में विकसित हो रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले समय में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित ढंग से स्वरोजगार का अवसर मिल सके।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





