15 Best News Portal Development Company In India

UP Circuit House Online Booking : अब सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग शुरू

SHARE:

Circuit house gest house online booking

अब सर्किट हाउस की बुकिंग होगी ऑनलाइन, योगी सरकार ने शुरू की पारदर्शी और आसान व्यवस्था

प्रदेश के 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउस में अब ऑनलाइन होगी बुकिंग, रियल टाइम रूम स्टेटस और डिजिटल पेमेंट की सुविधा

लखनऊ, 09 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब प्रदेश के 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउसों में कमरे ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे।
सरकार की इस पहल से अब तक मैनुअल तरीके से होने वाली बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी, जिससे बुकिंग अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकेगी।
योगी सरकार के पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस के विजन के तहत लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश के सभी सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग व्यवस्था को ऑनलाइन कर दिया है। इसके लिए विभाग ने एक एकीकृत वेब-आधारित सर्किट हाउस सूचना प्रणाली तैयार की है।

Circuit house gest house online booking
उत्तर प्रदेश के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी (सांकेतिक चित्र)।

इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को रियल टाइम रूम अवेलेबिलिटी डैशबोर्ड और लाइव रूम स्टेटस की जानकारी मिल सकेगी। इससे यह आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि किस सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में कितने कमरे उपलब्ध हैं।
नई प्रणाली के माध्यम से अब कमरों की बुकिंग के साथ-साथ भोजन और अन्य संसाधनों के प्रबंधन को भी डिजिटली संचालित किया जाएगा। पहले यह प्रक्रिया ई-मेल या फोन कॉल के माध्यम से मैनुअल तरीके से की जाती थी।
ऑनलाइन बुकिंग के साथ पेमेंट और रिकॉर्ड मैनेजमेंट को भी पूरी तरह डिजिटल बना दिया गया है। बुकिंग के समय आवेदक को अपना पहचान पत्र या अधिकृत पत्र अपलोड करना होगा और भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा। भुगतान के बाद आवेदक को ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से स्वतः रसीद प्राप्त हो जाएगी।
इसके अलावा डिजिटल लेजर में सभी लेनदेन का रिकॉर्ड रखा जाएगा और विभागीय स्तर पर राजस्व की निगरानी भी की जाएगी। विभाग के मुख्यालय और जिला स्तर पर केंद्रीकृत डैशबोर्ड के माध्यम से सभी बुकिंग और राजस्व की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे राजस्व के नुकसान को रोकने के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
📦 पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा कमरा
नई व्यवस्था के तहत सर्किट हाउस के कुछ कमरे वीआईपी दौरे और आपातकालीन सरकारी उपयोग के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि शेष कमरे सामान्य लोगों के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे।
सामान्य नागरिक भी अब https://www.guesthouse.uppwd.gov.in⁠� वेबसाइट पर जाकर आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
विशेष परिस्थितियों में जिला प्रशासन की अनुमति से ऑन-द-स्पॉट बुकिंग भी इसी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। हालांकि वीआईपी दौरे या प्रशासनिक आवश्यकता होने पर पहले से की गई बुकिंग को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा रद्द करने का अधिकार भी रहेगा।
सरकार का मानना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग, राजस्व में वृद्धि, पारदर्शिता और आम लोगों को सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

 

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854