15 Best News Portal Development Company In India

नौ वर्षों में 9 लाख सरकारी नौकरियां, यूपी बना देश का ग्रोथ इंजन: सीएम योगी

SHARE:

 लखनऊ, 29 मार्च। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे राज्य आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। वे रविवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 665 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सीएम योगी आदित्यनाथ नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए 
लखनऊ लोकभवन में नियुक्ति पत्र वितरण करते हुए मुख्यमंत्री का मंच दृश्य photo credit chautha Prahari

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 20 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और चयनित युवाओं से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के कारण प्रतिभाशाली युवाओं को उचित अवसर मिल रहा है और यही प्रदेश के विकास की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को “बीमारू राज्य” कहा जाता था, लेकिन आज यह देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना तक वृद्धि हुई है और प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्थिति में पहुंच चुका है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो क्षेत्र पहले क्राइम कैपिटल के रूप में जाना जाता था, आज वही दुनिया भर के निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। जेवर में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन इसका बड़ा उदाहरण है, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर यूनिट, टॉय पार्क और अन्य बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स तेजी से विकसित हो रहे हैं। यह “डबल इंजन सरकार” की नीतियों और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अफवाहों और दुष्प्रचार को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग झूठी खबरें फैलाकर समाज में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जैसे गैस सिलेंडर में कम गैस मिलने या लॉकडाउन लगने जैसी अफवाहें। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसी भ्रामक खबरों से दूर रहें और सतर्कता बरतें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई देश आर्थिक संकट और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय देश के नेतृत्व और नीतिगत फैसलों को दिया।

कानून-व्यवस्था और तकनीकी सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए जा चुके हैं और 1681 थानों में साइबर हेल्प डेस्क संचालित हो रहे हैं। साथ ही आधुनिक फॉरेंसिक लैब्स भी विकसित की गई हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मेडिकल कॉलेजों की स्थिति बेहद कमजोर थी, लेकिन अब इसमें व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बताते हुए कहा कि सरकार इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि लोहिया संस्थान में अब तक 350 से अधिक सफल रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं, जो इसकी आधुनिक चिकित्सा क्षमता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सरकार बिना रुके, बिना थके प्रदेश के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कर रहा है।

 

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854