15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या न्यूज: प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना,राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारंभ 

SHARE:

 

 

प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना,राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारंभ

अयोध्या,01 जनवरी। उप परिवहन आयुक्त अयोध्या जोन राजकुमार सिंह ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही गुरुवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ कर दिया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम जनमानस को सुरक्षित सफर के प्रति सचेत करना है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उप परिवहन आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को न्यूनतम करने के लिए सड़क सुरक्षा के चार प्रमुख स्तंभों शिक्षा,प्रवर्तन, इंजीनियरिंग अभियांत्रिकी और एमरजेंसी केयर आपातकालीन देखभाल की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आम जनता से अपील किया कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि जीवन बचाने के लिए अनिवार्य संस्कार भी है।अभियान के प्रथम सप्ताह के तहत अयोध्या के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा पम्पलेट वितरित किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध एक अनूठा गांधीवादी तरीका अपनाया जाएगा, जिसमें हेलमेट न पहनने वाले चालकों को लाल गुलाब देकर उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी, ताकि भावी पीढ़ी में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता आए। इस बार अभियान का दायरा ग्रामीण स्तर तक बढ़ाया गया है, जहाँ ग्राम सभाओं में बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए जाएंगे और प्रत्येक ग्राम प्रधान को सड़क सुरक्षा अग्रदूत घोषित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।प्रशासनिक स्तर पर इस माह के दौरान सख्त प्रवर्तन कार्यवाही का खाका भी तैयार किया गया है। सीट बेल्ट न लगाने, हेलमेट का उपयोग न करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग जैसे अपराधों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। विशेष रूप से अनफिट स्कूली वाहनों, अनाधिकृत बसों और अवैध टैक्सी स्टैंडों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विश्वजीत सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन एवं प्रवर्तन डॉ आरपी सिंह और मोटर वाहन निरीक्षक राजीव समेत परिवहन विभाग के कर्मचारी आदि मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा को एक जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854