मेरठ, 22 फरवरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी बताया है। मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन की सराहना वैश्विक मंचों पर भी हो रही है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल के संपूर्ण कॉरिडोर तथा मेरठ मेट्रो का लोकार्पण किया। दोनों नेताओं ने मेट्रो में यात्रा कर अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का अनुभव भी किया।
तेजी से बदलता भारत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली पहुंचने में 4–5 घंटे तक लग जाते थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल के माध्यम से यह दूरी काफी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट भारत की नई पहचान बन रही है।
प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में गौतमबुद्ध नगर में सेमीकंडक्टर प्लांट के शिलान्यास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो रहा है।
वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा
मुख्यमंत्री ने हाल में आयोजित एआई समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के डिजिटल और इन्फ्रास्ट्रक्चर विजन की सराहना की। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron के वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि डिजिटल पहचान और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं विश्व के लिए उदाहरण बन रही हैं।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा में अग्रणी
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हैं और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने पर विशेष जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं, जिससे देश की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है।
खेल विश्वविद्यालय और जेवर एयरपोर्ट का जिक्र
सीएम योगी ने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल और विमानन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री ने मेरठ से लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। दिल्ली से मेरठ को जोड़ने वाला नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो सेवा को जनता को समर्पित किया गया।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






