लखनऊ, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 और राज्यस्तरीय महिला सम्मान समारोह में नारी सशक्तीकरण, सम्मान और रोजगार का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुलकर सराहना की और कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश की शान बन चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की सदस्य आनंदी अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जो बेहद सराहनीय है। आनंदी अग्रवाल ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी प्रदेश सरकार मातृशक्ति के उत्थान के लिए इसी तरह कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस निरीक्षक नीलम राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में ऐसी मिसाल पेश की है जो पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस कर रही हैं।
मुख्य आरक्षी वेदवती ने मुख्यमंत्री योगी को बहन-बेटियों का रक्षक बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम बेहद प्रभावी हैं। वहीं मुख्य आरक्षी शिमला सिंह ने कहा कि योगी सरकार में महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हैं और समाज में उन्हें सम्मान भी मिल रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिल रहे हैं।
कानपुर की गुंजा गुप्ता ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश को योगी आदित्यनाथ जैसा नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाएं भी प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाना चाहती हैं। कानपुर की स्मृति कपूर ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ यह दिन मनाना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है।
लखनऊ की सुनयना कुमारी ने कहा कि योगी सरकार में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता और योग्यता के आधार पर अवसर दिए जाते हैं। कन्नौज की रीता वर्मा ने कहा कि अब समय बदल गया है और जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है। वहीं लखनऊ की अंजुम फातिमा ने कहा कि योगी सरकार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर व्यक्ति को उसकी योग्यता के अनुसार अवसर मिल रहा है। यही कारण है कि आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तीकरण का प्रतीक बनकर सामने आया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने कहा कि प्रदेश में बदलते माहौल ने उन्हें नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का विश्वास दिया है।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






