15 Best News Portal Development Company In India

स्वच्छ भारत मिशन में यूपी का बड़ा कीर्तिमान: 100% ओडीएफ प्लस राज्य बना उत्तर प्रदेश, 2.74 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण

SHARE:

लखनऊ, 9 मार्च। उत्तर प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत खुद को 100 प्रतिशत ओडीएफ प्लस राज्य के रूप में स्थापित किया है। प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों और पंचायती राज विभाग की प्रभावी कार्यशैली के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश को पहले ही 100 प्रतिशत ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) राज्य घोषित किया जा चुका है। यह उपलब्धि सरकार की प्रतिबद्धता और ग्रामीण जनता की सक्रिय भागीदारी का परिणाम मानी जा रही है।

Panchayat Raj department
सांकेतिक चित्र

द्वितीय चरण में भी प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में तेजी से काम करते हुए कई महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 95,767 गांवों ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली के साथ स्वयं को ओडीएफ+ घोषित किया है, जबकि 94,723 से अधिक गांवों को आधिकारिक रूप से ओडीएफ प्लस का दर्जा प्राप्त हो चुका है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता और बेहतर प्रबंधन को दर्शाती है।
स्वच्छ भारत मिशन के पहले चरण में प्रदेश में 2.74 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों (इज्जत घर) का निर्माण कराया गया। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक शौचालय निर्माण करने वाला राज्य बनकर उभरा है।
वहीं मिशन के दूसरे चरण (फेज-2) में भी कार्य तेजी से जारी है। अब तक प्रदेश में 57,25,291 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को और मजबूत बनाने के लिए 59,165 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है।
प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ग्रामीण स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण के साथ-साथ उनके नियमित उपयोग, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतें स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं और भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा।
वहीं पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। विभाग का लक्ष्य अब अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस से जोड़ते हुए स्वच्छता को स्थायी आदत बनाना है।

 

 

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई