अयोध्या(चौथा प्रहरी)18 अप्रैल। बरसात से पहले जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नगर निगम ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। शहर के बीचों-बीच स्थित ऋषि टोला से सब्जी मंडी तक जाने वाले नाले की विशेष सफाई और गहराई बढ़ाने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। यह फैसला ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के निरीक्षण के दौरान लिया गया।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे महापौर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर नाले की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ तौर पर सामने आया कि नाले की गहराई कम होने के कारण हर साल बारिश में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा होती है। कई जगहों पर अतिक्रमण भी नाले की क्षमता को प्रभावित कर रहा है।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले नाले की पूरी तरह सफाई की जाए और जरूरत के मुताबिक उसकी गहराई बढ़ाई जाए। साथ ही, जहां-जहां अतिक्रमण किया गया है, उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए ताकि जल निकासी बाधित न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए कहा कि नाले के किनारे जमा कचरे को तुरंत हटाया जाए और सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिन जगहों पर नाले के ऊपर रखी गई पटिया टूट चुकी है, उन्हें जल्द बदला जाएगा ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान बच्चों को स्कूल जाने और आम लोगों को दैनिक कार्यों के लिए निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई जगहों पर पानी इतना भर जाता है कि सड़कें तालाब जैसी दिखने लगती हैं।
महापौर ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली टीम की लापरवाही पर भी सख्त रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा पुरानी सब्जी मंडी के पास नाले को खुलवाने का भी आदेश दिया गया।
निरीक्षण का समापन फतेहगंज चौराहे पर हुआ, जहां स्थानीय लोगों की मांग पर क्षेत्र के सुंदरीकरण का भी वादा किया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त, कर निर्धारण अधिकारी, अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
पेयजल जांच में राहत-निरीक्षण के दौरान रेनू मेमोरियल हॉस्पिटल के पास पेयजल की जांच भी कराई गई, जिसमें पानी पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। टीडीएस स्तर 233 पीपीएम दर्ज किया गया, जबकि पीएच मान 7.02 रहा, जो मानकों के अनुरूप है। महापौर ने शहर के अन्य इलाकों में भी नियमित जल परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
आज होगा विशेष सत्र-नगर निगम अयोध्या में शनिवार को विशेष सदन आयोजित किया जाएगा, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा होगी। सर्किट हाउस में दोपहर 1:30 बजे होने वाले इस सत्र में महिला पार्षद अपने विचार रखेंगी और महिलाओं के लिए भविष्य की योजनाओं पर मंथन होगा।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





