लखनऊ,11जुलाई(चौथा प्रहरी)। परिवहन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 14 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों की नई तैनाती की है। शनिवार को जारी आदेश में कई अधिकारियों को सड़क सुरक्षा का दायित्व दिया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को नियमित कार्य के साथ प्रवर्तन दल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा) आस्था बंसल को प्रवर्तन प्रथम दल लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार भी सौपा गया है। अभी तक यह अतिरिक्त प्रभार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन लखनऊ प्रदीप कुमार सिंह के पास था।

शासन में विशेष सचिव परिवहन केपी सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार आकिब खुर्शीद को ललितपुर, फराज अहमद सिद्दीकी को महोबा, हुमा परवीन को इटावा, अभिषेक सिंह को चंदौली, धर्मेंद्र कुशवाहा को देवरिया, सुधा को सोनभद्र, सुधीर कुमार यादव को हमीरपुर और यावर तौफीक को वाराणसी में प्रवर्तन कार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सौम्या कुलश्रेष्ठ को वाराणसी, मोहक दुबे को बाराबंकी, आस्था बंसल को लखनऊ, तनु हरि को गोरखपुर, सान्या को अलीगढ़ और धर्मेंद्र कुमार को बस्ती में सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों को अपने मौजूदा दायित्वों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी संभालना होगा।
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों को इसके लिए अलग से वेतन या कोई अतिरिक्त भत्ता नहीं मिलेगा। विभाग ने सभी अधिकारियों को बिना देरी नई तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन विभाग समय-समय पर ऐसे प्रशासनिक बदलाव करता है ताकि प्रवर्तन, सड़क सुरक्षा और कार्यालयी कामकाज में बेहतर तालमेल बना रहे। माना जा रहा है कि जिन जिलों में नए अधिकारी पहुंचे हैं, वहां ओवरलोड वाहनों, बिना परमिट संचालन, फिटनेस और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज हो सकते हैं। सड़क सुरक्षा से जुड़े निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई में भी तेजी आने की उम्मीद है।
संभावित प्रभाव-इस फेरबदल के बाद परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था मजबूत होने की संभावना है। सड़क सुरक्षा अभियानों में तेजी आएगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सकती है। इससे परिवहन व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





