नई दिल्ली, 17 अप्रैल। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित 69वीं SGFI नेशनल स्कूल गेम्स चैंपियनशिप 2026 में लखनऊ के दो होनहार खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। राजधानी के लकी सिंह गौतम और तुषार कुमार ने कलारीपयटटू की लाठी युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर न सिर्फ अपने शहर बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर दिया।

16 से 18 अप्रैल तक चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के बेहतरीन युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में लखनऊ के इन खिलाड़ियों का पदक जीतना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने जबरदस्त तालमेल, तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। कड़ी टक्कर के बीच उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। इस इवेंट में केरल ने स्वर्ण और जम्मू-कश्मीर ने रजत पदक जीता, लेकिन यूपी के खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस ने सबका ध्यान खींच लिया।
कलारीपयटटू, जो भारत की प्राचीन मार्शल आर्ट मानी जाती है, उसमें इस तरह का प्रदर्शन यह दिखाता है कि यूपी के युवा अब पारंपरिक खेलों में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि इस जीत को सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि एक नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
इस चैंपियनशिप में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें लाठी युगल के अलावा चुवाडुकल और अन्य विधाओं में भी प्रतियोगिता हो रही है। उत्तर प्रदेश की ओर से प्रांशी और शिवानी रावत भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और पदक की दौड़ में बनी हुई हैं।
टीम के कोच सोमेश कुमार और संतोष कुमारी की मेहनत और मार्गदर्शन का भी इस सफलता में बड़ा योगदान है। वहीं प्रदेश महासचिव प्रवीण गर्ग को टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में नियुक्त किया जाना यूपी के लिए गर्व की बात है।
पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। सरकार और खेल संगठनों के प्रयासों से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल रहा है, जिसका असर अब मैदान पर साफ दिखाई दे रहा है।
लकी सिंह गौतम और तुषार कुमार की यह जीत आने वाले खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन सकती है। यह साबित करता है कि अगर मेहनत और जुनून हो, तो छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय मंच पर बड़ा मुकाम हासिल कर सकते है।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





