लखनऊ,28 अप्रैल। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में “फेलिसिटेशन एवं इंटीग्रेटेड पैरामेडिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मकसद नर्सिंग स्टाफ के कौशल और कार्य क्षमता को मजबूत करना था। इसमें 60 नर्सिंग ऑफिसर्स को अलग-अलग जरूरी विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया और अंत में उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रो. विनोद जैन मौजूद रहे। दोनों ने कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी।

प्रशिक्षण के दौरान नर्सिंग ऑफिसर्स को कई अहम विषयों पर जानकारी दी गई। इसमें वाइटल साइन की समझ, क्रैश कार्ट की तैयारी, डॉक्यूमेंटेशन, आईसीयू में प्रोसीजर ट्रॉली की तैयारी और कैथेटर व ट्यूब की देखभाल शामिल रही। साथ ही अस्पताल में संक्रमण रोकने के तरीके, गंभीर मरीजों का सही हैंडओवर, मैकेनिकल वेंटिलेशन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन की बेसिक जानकारी और मरीजों के सुरक्षित परिवहन पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से नर्सिंग स्टाफ की कार्यक्षमता बढ़ती है और मरीजों को बेहतर इलाज मिल पाता है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षित नर्सिंग ऑफिसर्स को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह बढ़ा।
इस मौके पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें प्रो. विजेंद्र कुमार (सीएमएस), डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता (डीन), डॉ. वरुण विजय (एमएस) और डॉ. आयुष लोहिया (कुलसचिव) शामिल रहे। कार्यक्रम में संकाय सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टरों की भी भागीदारी रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मधुलिका दुबे, डॉ. एस. प्रिया, डॉ. रुचि सक्सेना, डॉ. इंदुबाला मौर्य, डॉ. अंजु दुबे, डॉ. अभिषेक पाण्डेय, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर गजेंद्र और करतार सिंह का विशेष योगदान रहा।
भविष्य पर असर-इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से नर्सिंग स्टाफ की दक्षता बढ़ेगी। इसका सीधा फायदा मरीजों को मिलेगा। इलाज की गुणवत्ता सुधरेगी और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया तेज होगी। आगे ऐसे कार्यक्रम नियमित होने की उम्मीद है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





