लखनऊ,17जुलाई(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश का आम्रपाली आम अब लंदन के बाजार तक पहुंच गया है। शनिवार को लखनऊ से 1200 किलोग्राम आम्रपाली आम की खेप ब्रिटेन के लिए रवाना की गई। राज्य सरकार का कहना है कि भारत-यूके व्यापार समझौते के बाद प्रदेश के बागबानों के लिए विदेशी बाजारों में नए अवसर बन रहे हैं।

लखनऊ स्थित उद्यान निदेशालय से इस खेप को हरी झंडी दिखाई गई। कार्यक्रम में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एपीडा के प्रतिनिधि और निर्यातक मौजूद रहे।
प्रदेश सरकार का दावा है कि आम सहित कृषि और उद्यान उत्पादों के निर्यात को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों और बागबानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाना और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ाना है।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में उत्तर प्रदेश से चौसा और आम्रपाली किस्म के कुल 2400 किलोग्राम आम ब्रिटेन भेजे गए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश के आमों की मांग विदेशों में बढ़ रही है।
आम्रपाली आम अपने स्वाद, गूदे की गुणवत्ता और लंबे समय तक सुरक्षित रहने की क्षमता के कारण निर्यात के लिए उपयुक्त माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गुणवत्ता और आपूर्ति की यह रफ्तार बनी रही तो आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश के आमों की हिस्सेदारी वैश्विक बाजार में और बढ़ सकती है।
विदेशों में मांग बढ़ने से प्रदेश के बागबानों को बेहतर कीमत मिलने की संभावना है। साथ ही आम उत्पादन, पैकिंग, कोल्ड चेन और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों में भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





