संवाददाता चौथा प्रहरी

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आज भव्य संयुक्त तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। बिशप मंडल इंटर कॉलेज से शुरू हुई इस यात्रा को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों शिक्षक-कर्मचारियों के जोश से पूरा माहौल देशभक्ति में रंग गया। तिरंगा यात्रा बिशप मंडल इंटर कॉलेज से महादेव सेतु, धर्मकांटा, डीडी पुरम और आदिनाथ चौक होते हुए स्टेडियम पहुंची। स्टेडियम में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से शहर गूंज उठा। शिक्षकों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने यात्रा में शामिल सभी शिक्षकों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षकों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को और मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज बरेली के प्रधानाचार्य ओ.पी. राय सहित शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




