राजधानी लखनऊ में एयर क्वालिटी खराब,स्मॉग गन शोपीस बनीं ठंडी हवाएं बढ़ाएंगी परेशानी
चौथा प्रहरी ब्यूरो लखनऊ।राजधानी लखनऊ में तालकटोरा, लालबाग व अलीगंज में वायु प्रदूषण थमने का नाम नहीं ले रहा। नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शहर में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए खानापूर्ति की जा रही। नगर निगम की स्मॉग गन शोपीस बनी हैं।हवा की सबसे खराब स्थिति आज सुबह के समय लालबाग में रही। यहां का AQI 235, तालकटोरा का 233 और अलीगंज का 214 के साथ में ऑरेंज जोन यानि खराब हालात में बना हुआ है।गोमतीनगर 170, अंबेडकर यूनिवर्सिटी 155 और कुकरैल 143 के साथ यलो जोन के साथ मॉडरेट स्थिति में है। शहर के 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI सुबह के समय में 192 के साथ यलो जोन में है। शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की तरफ से शहर के 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का आंकड़ा जारी किया गया। इसमें औसत AQI 203 के साथ में खराब स्थिति में एयर क्वालिटी दर्ज की गई।
राजधानी में धुंध के साथ में दिन की शुरुआत हुई। इसके बाद मौसम साफ हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 82 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 25 फीसदी रहा। सुबह के समय धुंध के बाद मौसम साफ हुआ है।प्रदेश में लगातार गिर रहे तापमान के बीच अब ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के सेंट्रल हिस्सों में आने वाले दो से तीन दिनों के दौरान रात और सुबह के समय आंशिक शीत लहर की स्थिति बन सकती है।राजधानी में भी ठंडी हवा का असर बना रहेगा।फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है।पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण आसमान साफ बना हुआ है। इसी वजह से शीतलहर बढ़ने और मध्य भारत पर बने प्रतिचक्रवात से ठंडी हवा असर दिखा रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे बने रहने और कई स्थानों पर 10 डिग्री से नीचे पहुंचने की संभावना है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है।
Author: Chautha Prahari
Editor in chief Vinay Prakash Singh R. NO. UDYAM -UP-24-0043854





