बिहार के परिणाम को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में भी दोहराया जाएगा- राजनाथ सिंह
बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम से आया बहुत बड़ा राजनीतिक बदलाव
चौथा प्रहरी (ब्यूरो) लखनऊ। देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय के दौरे पर शनिवार को राजधानी पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। लखनऊ में दो दिवसीय के प्रवास पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
शनिवार को पहले कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सदर बाजार के संस्कृत पाठशाला महाविद्यालय पहुंचे और वरिष्ठ कार्यकर्ता संवाद में उन्होंने बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के साथ भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि बिहार विधान सभा चुनाव के परिणाम से भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव सामने आया है। उन्होंने कहा कि बहुत सी पार्टियां जाति, क्षेत्र और मजहब की बात करती हैं, लेकिन भाजपा ने सदैव देशभक्ति की बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट है, हम राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए करते हैं। हमारे कामकाज का तरीका दूसरी पार्टी से भिन्न है। इसी कारण हम लोग कहते भी हैं, पार्टी विद डिफरेंस। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सारी पार्टियां भ्रष्टाचार रोकने की बात करती हैं, लेकिन भाजपा सही मायने में भ्रष्टाचार को रोकती है। हमारी सरकार ने पहली बार सिस्टम में बदलाव लाकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। राजनाथ ने कहा कि जनता ने देखा कि बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है और हमको फिर बिहार की सत्ता सौंप दी। इस बार जनता ने बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है। लखनऊ के सांसद तथा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेहद उत्साह में कहा कि बिहार के परिणाम को 2027 में उत्तर प्रदेश में भी दोहराया जाएगा।रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शनिवार से दो दिवसीय दौरे पर राजधानी में रहेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार राजनाथ सिंह दोनों दिन सामाजिक, संगठनात्मक और स्मृति कार्यक्रमों में भी शामिल होगें।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






