गुणवत्तापूर्ण बीजों पर किसानों को अनुदान दे रही है योगी सरकार
किसान 30 नवंबर तक बीच की खरीदारी अवश्य कर लें- कृषि मंत्री
लखनऊ, चौथा प्रहरी 22 नवंबर। योगी सरकार के कृषि विभाग के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कहा कि रबी फसलों की समयबद्ध बुवाई किसानों के लिए अधिक उत्पादन और बेहतर आय का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज अनुदानित दरों पर उपलब्ध करा रही है, ताकि गेहूँ, चना, मसूर, मटर और सरसों जैसी प्रमुख फसलों की पैदावार बढ़ाई जा सके।
कृषि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर किसान तक समय पर बीज पहुँचे और किसी को किसी प्रकार की चिंता न करनी पड़े। बता दें कि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही शनिवार को बीज उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में पर्याप्त प्रमाणित बीज की उपलब्धता रहे। कृषि मंत्री श्री शाही ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विभागीय आकलनों के अनुसार समय से की गई बुवाई से फसल अधिक पुष्ट विकसित होती है और उत्पादन उल्लेखनीय रूप से बढ़ता है। उन्होंने जानकारी दी कि गेहूँ की विलंबित बुवाई से प्रतिदिन उपज में कमी की संभावना तो होती है, परंतु समय पर की गई बुवाई खेती को अधिक लाभकारी बनाती है और किसानों की मेहनत का पूरा प्रतिफल सुनिश्चित करती है।प्रदेश के समस्त अन्नदाताओं से अपील करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योगी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसलिए सभी किसान 30 नवम्बर 2025 के पूर्व अपने नजदीकी बीज बिक्री केंद्र से अनुदानित बीज प्राप्त कर बुवाई का कार्य पूरा कर लें। इससे वे न केवल अधिक उत्पादन और मुनाफा प्राप्त करेंगे, बल्कि प्रदेश को खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ दिलाने में भी सहभागी बनेंगे।बैठक के दौरान कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख तथा वरिष्ठ विभागीय अधिकारी प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, विशेष सचिव कृषि ओ.पी. वर्मा, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, बीज विकास निगम के निदेशक पीयूष शर्मा, अपर निदेशक (बीज एवं प्रक्षेत्र) अनिल पाठक और संयुक्त निदेशक (उर्वरक) आशुतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






