लखनऊ, 6 मार्च । योगी सरकार होली के उपरांत प्रदेश के 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराएगी। इसका लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने 4 मार्च तक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agridarshan.up.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन किया है। जिन जनपदों में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, वहां शुक्रवार को ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।
सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत मिलेंगे कृषि यंत्र
कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन तथा अन्य एकल कृषि यंत्रों के लिए 2519 किसानों का चयन किया जाएगा। वहीं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत 800 किसानों को कृषि यंत्र दिए जाएंगे।
10 दिन के भीतर अपलोड करनी होगी रसीद और फोटो
चयनित किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के बाद उसकी रसीद और फोटो 10 दिन के भीतर www.agridarshan.up.gov.in� या upyantratraking.in पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। कृषि विभाग ने बताया कि चयनित किसानों को मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
चयन न होने पर वापस होगी जमानत धनराशि
ई-लॉटरी में चयनित न होने वाले किसानों की जमानत धनराशि अधिकतम छह महीने के भीतर वापस कर दी जाएगी। कृषि विभाग का कहना है कि योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।
2017 से 2025 तक लगभग तीन लाख कृषि यंत्रों का वितरण
प्रदेश में वर्ष 2017-18 से 2025 तक लगभग तीन लाख कृषि यंत्रों का वितरण किया जा चुका है। इसमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर और 7351 फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के बिल पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





