बुंदेलखंड में बन रहा नया औद्योगिक केंद्र, हजारों एकड़ जमीन अधिग्रहण से उद्योगों को मिलेगी रफ्तार
लखनऊ से रिपोर्ट,चौथा प्रहरी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार बुंदेलखंड क्षेत्र को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) के तहत बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है, जिससे आने वाले समय में यहां बड़े उद्योग और निवेश की संभावनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार बीडा क्षेत्र में कुल 33 गांवों की लगभग 56,662 एकड़ भूमि को औद्योगिक विकास के लिए चिन्हित किया गया है। इसमें पहले चरण में करीब 35,298 एकड़ और दूसरे चरण में 21,364 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की योजना बनाई गई है। अब तक 24,000 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है, जिससे औद्योगिक परियोजनाओं की तैयारी तेज हो गई है।

उद्योगों के लिए तैयार किया जा रहा बुनियादी ढांचा
प्रदेश सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल करना है। इसके लिए क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और उद्योगों को स्थापित करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से अब निवेशकों की रुचि भी बढ़ने लगी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं तो बुंदेलखंड आने वाले वर्षों में औद्योगिक निवेश का बड़ा केंद्र बन सकता है।
दिल्ली-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से मिलेगा फायदा
योजना के तहत करीब 300 एकड़ क्षेत्र में नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NICDC) के सहयोग से दिल्ली-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसके बनने से बुंदेलखंड देश के प्रमुख औद्योगिक मार्गों से सीधे जुड़ सकेगा और यहां उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी।
रक्षा क्षेत्र में भी निवेश की योजना
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में रक्षा उत्पादन से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया जा रहा है। करीब 250 एकड़ भूमि पर बैटल टैंक की मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहाल (MRO) सुविधा के साथ कॉम्बैट व्हीकल निर्माण से संबंधित प्लांट स्थापित करने की संभावना जताई जा रही है। इससे रक्षा क्षेत्र में भी नई औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
रोजगार के नए अवसर
औद्योगिक परियोजनाओं के शुरू होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। उद्योगों के आने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
Author: Chautha Prahari
Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






