अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: महानिदेशक मोनिका रानी ने बेटियों को किया प्रेरित, मीना मंच से मिल रहा आगे बढ़ने का मंच
लखनऊ, 08 मार्च।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मीना मंच के माध्यम से लड़कियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए एक सशक्त मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने में शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करतीं महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी।
कार्यक्रम में खेल, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महानिदेशक मोनिका रानी ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन से छात्राएं लगातार आगे बढ़ रही हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी भावनाओं को तर्क और विवेक के साथ जोड़कर अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भावनाएं कमजोरी नहीं बल्कि सही दिशा में उपयोग करने पर सबसे बड़ी शक्ति बन सकती हैं। इसलिए बेटियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
महानिदेशक ने छात्राओं को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही जीवन में सफलता की मजबूत नींव होती है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा छात्राओं के लिए खान अकादमी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन माध्यमों से छात्राओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मोनिका रानी ने छात्राओं को सूचना प्रौद्योगिकी का सही उपयोग करने की सलाह दी और कहा कि छात्राएं केवल वही सामग्री देखें जो उनके ज्ञान और विकास में सहायक हो। साथ ही उन्होंने अनुशासन को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान लड़कियों की शिक्षा और सशक्तिकरण में यूनिसेफ की भूमिका की भी सराहना की गई। महानिदेशक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और बेटियों की शक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की गई।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






