15 Best News Portal Development Company In India

बेफिक्र होकर देशसेवा कीजिए, आपके परिवार की सुरक्षा सरकार के जिम्मे: सीएम योगी

SHARE:

लखनऊ, 23 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में देश की सेवा में लगे सैनिकों के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सैनिकों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर देशसेवा करें, उनके परिवार की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा की जिम्मेदारी सरकार की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 25 करोड़ जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इसमें देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने सैनिकों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करेगी।

CM योगी जनता दर्शन में सैनिकों से बातचीत करते हुए
फाइल फोटो

‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें पुलिस से जुड़े मामले, जमीनी विवाद, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए एक-एक कर प्रार्थना पत्र स्वीकार किए और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर किया जाए।
कार्यक्रम में आए सैनिकों के कई मामले जमीनी विवादों से जुड़े थे। इस पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित सैनिकों और उनके परिवारों से सीधे संपर्क करें और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो जवान देश की सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं, उनके परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए।
आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने मरीजों के परिजनों से कहा कि इलाज के लिए आवश्यक एस्टिमेट अस्पताल से बनवाकर आवेदन करें। सरकार हर जरूरतमंद की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी व्यक्ति का इलाज धन के अभाव में नहीं रुकने दिया जाएगा।
जमीनी विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय न हो और हर व्यक्ति को न्याय मिले।
‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। यह पहल न केवल शासन की पारदर्शिता को बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों में विश्वास भी मजबूत करती है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सुलझाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता व तत्परता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम जनता की सुविधा और सुरक्षा है, जिसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854