15 Best News Portal Development Company In India

ताज नगरी आगरा में आकाश गुप्ता व विजय वर्मा हुए सम्मानित, रक्तदान सेवा के लिए मिला “प्रदेश रत्न सम्मान

SHARE:

आगरा में आकाश गुप्ता और विजय वर्मा को रक्तदान सेवा के लिए सम्मानित करते हुए

अयोध्या।
ताज नगरी आगरा में आयोजित एक भव्य समारोह में अयोध्या के समाजसेवी आकाश गुप्ता और विजय वर्मा को रक्तदान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “प्रदेश रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संकल्प मानव सेवा संस्था के सातवें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया, जहां समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

आगरा में आकाश गुप्ता और विजय वर्मा को रक्तदान सेवा के लिए सम्मानित करते हुए
फाइल फोटो

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्या उपस्थित रहीं। उन्होंने आकाश गुप्ता और विजय वर्मा को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दोनों समाजसेवियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य समाज में जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है और ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
अयोध्या की चर्चित संस्था राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन लंबे समय से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के अध्यक्ष आकाश गुप्ता, जिन्हें “ब्लड मैन” के नाम से भी जाना जाता है, अब तक 9 राज्यों में 54 बार रक्तदान कर चुके हैं। वहीं संस्था के महासचिव विजय वर्मा भी 21 बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
संस्था द्वारा पिछले 10 वर्षों में 180 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया है, जिसके माध्यम से लगभग 10,000 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया गया। यही नहीं, राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन पिछले 7 वर्षों से अयोध्या जनपद में सर्वाधिक रक्तदान कराने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर चुका है। वर्तमान सत्र में भी संस्था द्वारा 20 रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर आकाश गुप्ता ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज भी कई लोग रक्तदान को लेकर भ्रांतियों का शिकार हैं, जिन्हें दूर करना आवश्यक है।
विशेष बात यह है कि आकाश गुप्ता स्वयं दुर्लभ ब्लड ग्रुप बी निगेटिव के रक्तदाता हैं और देशभर में रक्त संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों में जाकर रक्तदान कर चुके हैं। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड, लंदन सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
आकाश गुप्ता के इस सेवा भाव के पीछे एक भावनात्मक कहानी भी जुड़ी है। उन्होंने बताया कि उन्हें समाजसेवा और रक्तदान की प्रेरणा अपने पिता स्वर्गीय कृष्ण लाल गुप्ता से मिली, जिनकी 12 अप्रैल 1991 को पंजाब में आतंकवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी और उन्होंने समाजसेवा को अपना उद्देश्य बना लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दोनों समाजसेवियों के प्रयासों की सराहना की और उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। यह सम्मान न केवल आकाश गुप्ता और विजय वर्मा के लिए, बल्कि पूरे अयोध्या जनपद के लिए गर्व का विषय है।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854