अयोध्या, 27 मार्च 2026। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने जहां स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दिया, वहीं विशेषज्ञों द्वारा साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
शिविर की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सेवा भावना के साथ दिन की गतिविधियों का संकल्प लिया। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत दीक्षा भवन के बगीचे और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने कचरा एकत्रित कर उसे उचित स्थान पर निस्तारित किया और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के डॉ. रूपेश कुमार सिंह ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। हमारी व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स और अन्य संवेदनशील डेटा को सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम के अंतर्गत हैकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, डेटा चोरी, प्राइवेसी लीक और साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं शामिल हैं। इनसे बचाव के लिए मजबूत पासवर्ड का उपयोग, संदिग्ध लिंक से दूरी और डिजिटल सतर्कता बेहद जरूरी है। स्वयंसेवकों को उन्होंने जागरूक नागरिक बनने और दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा विषय पर स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित रहना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। साथ ही यातायात नियमों का पालन कर हम दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभात सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे सत्र को व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए स्वयंसेवकों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पल्लव पांडेय, सीमा तिवारी, प्रशांत सिंह, रुचि पांडेय, श्रेया तिवारी, संजय मीणा, काजल वर्मा, रूपसी यादव, प्रज्ञा सिंह, सुनंदा सोनी, दुर्गेश कुमार, स्वाति मिश्रा, सलोनी सिंह, सिद्धांत सिंह सहित कई स्वयंसेवक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एनएसएस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और जागरूकता की भावना को मजबूत किया जा रहा है। यह शिविर न केवल स्वच्छता और सेवा का संदेश दे रहा है, बल्कि युवाओं को समसामयिक विषयों पर जागरूक बनाकर समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी सुदृढ़ कर रहा है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






