15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या: लापता युवक की हत्या का आरोप, दो अलग-अलग तहरीरों से उलझा मामला, सरयू में तलाश जारी

SHARE:

सरयू नदी में लापता युवक की तलाश करती पुलिस और SDRF टीम

अयोध्या, 29 मार्च। जिले के खंडासा थाना क्षेत्र से एक युवक के लापता होने का मामला अब हत्या की आशंका में बदलता जा रहा है। इस मामले में दो अलग-अलग तहरीरों के सामने आने से पुलिस जांच और भी पेचीदा हो गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सरयू नदी में दिनभर तलाश करती रही, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
मिली जानकारी के अनुसार, खंडासा थाना क्षेत्र के अघियारी गांव निवासी 30 वर्षीय मन्ना पुत्र सलीम के लापता होने के बाद उसकी पत्नी मोनी पठान ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मोनी का कहना है कि रौनाही थाना क्षेत्र के चिर्रा जगनपुर निवासी अर्सलान, नाटे और सेखलोदी निवासी सुल्तान उसके पति को अपने साथ ले गए थे और बाद में उनकी हत्या कर शव को ढेमवा के पास सरयू नदी में फेंक दिया।

सरयू नदी में लापता युवक की तलाश करती पुलिस और SDRF टीम
सरयू नदी में लापता का तलाश करती हुई पुलिस photo credit chautha Prahari

पत्नी की इस तहरीर के आधार पर रौनाही पुलिस पहले से ही मामले की जांच कर रही थी और संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही थी। इसी दौरान मामले में नया मोड़ तब आ गया जब लापता युवक के पिता सलीम ने अपनी ही बहू मोनी पठान पर साजिश के तहत अपने बेटे की हत्या कराने का आरोप लगा दिया।
पिता सलीम ने थाना प्रभारी लालचंद सरोज को दी गई तहरीर में कहा है कि उनकी बहू ने सुनियोजित तरीके से उनके बेटे मन्ना की हत्या करवाई और शव को नदी में फेंकवा दिया। इस तरह एक ही मामले में दो अलग-अलग आरोप सामने आने से पुलिस के सामने सच्चाई तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीरों के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने सरयू नदी और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस से जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस मामले में थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854