15 Best News Portal Development Company In India

दिल्ली में भव्य ‘अयोध्या पर्व’ का आगाज़, संस्कृति-आस्था और विकास विजन का अद्भुत संगम

SHARE:

ayodhya-parv-delhi-2026

दिल्ली, 3 अप्रैल।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आस्था, संस्कृति और विरासत का भव्य संगम देखने को मिला, जब इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में तीन दिवसीय “अयोध्या पर्व” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन श्री अयोध्या न्यास के तत्वावधान में पिछले 8 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करना है।

ayodhya-parv-delhi-2026
दिल्ली में आयोजित अयोध्या पर्व पर शामिल हुए गणमान्य लोग

कार्यक्रम के प्रथम उद्घाटन सत्र में कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथियों में बीएल गौड, यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. राकेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शैलेश शुक्ल, तथा केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय शामिल रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान “भविष्य की अयोध्या” नामक पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया, जिसमें अयोध्या के समग्र विकास, स्मार्ट सिटी मॉडल और 2047 तक के विजन डॉक्युमेंट पर विशेष चर्चा की गई। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शैलेश शुक्ल ने अयोध्या को विश्व स्तरीय स्मार्ट सिटी बनाने के लिए लगभग 1200 एकड़ क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा और विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित किए।
वहीं यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. राकेश सिंह ने अयोध्या के विकास को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की अयोध्या को हरित, प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ पेयजल युक्त और बेहतर कनेक्टिविटी वाला शहर बनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने तुलसीदास और महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित थीम पार्क विकसित करने की भी आवश्यकता बताई, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसी क्रम में राम बहादुर राय ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या का विकास संतों और महंतों की अपेक्षाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विकास कार्यों में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का समावेश जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन के अनुरूप अयोध्या एक वैश्विक धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में भी भव्य आयोजन हुआ, जिसमें महंत कमलनयन दास, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भैया जी जोशी, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जैसे प्रमुख अतिथि शामिल हुए। सभी ने मिलकर दीप प्रज्वलन कर सत्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अयोध्या विषय पर आधारित 6 महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इन पुस्तकों के लेखकों—उमेश सिंह, राजेंद्र पांडेय, विशाल गुप्ता सहित अन्य पत्रकारों—को सम्मानित किया गया, जिससे साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और अयोध्या से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें पूर्व विधायक असीम आजाद, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, अयोध्या के प्रथम मेयर ऋषिकेश उपाध्याय समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।
“अयोध्या पर्व” केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि यह भारत की धार्मिक विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और आधुनिक विकास दृष्टिकोण का संगम बनकर उभर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से अयोध्या को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

Chautha Prahari
Author: Chautha Prahari

Vinay Prakash Singh Editor in Chief M.N0- 9454215946 Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई