गोरखपुर, 5 अप्रैल। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए माफिया और गुंडों पर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। सीएम योगी ने कानून व्यवस्था और विकास को लेकर कई अहम बातें कहीं।

रविवार को गोरखपुर के घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पांडेयहाता में बनने वाले कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अराजकता आम बात थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षित, विकासशील और निवेश के लिए अनुकूल राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश “उपद्रव नहीं, उत्सव प्रदेश” बन गया है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की नीयत साफ हो तो विकास तेजी से दिखता है। गोरखपुर में बन रहा विरासत गलियारा और मल्टीलेवल पार्किंग इसका उदाहरण है। इससे न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने गोरखपुर के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यह शहर माफिया और इंसेफेलाइटिस जैसी समस्याओं से पहचाना जाता था, लेकिन अब यहां इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश को माफिया, दंगा और बीमारी मुक्त बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ी सफलता हासिल की है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सम्मान की भी बात कही और कहा कि देश के प्रतीकों का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
आर्थिक नीतियों पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार ने कोई नया टैक्स नहीं लगाया, इसके बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना तक बढ़ी है। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि व्यापारियों पर अतिरिक्त किराया या टैक्स का बोझ न डाला जाए।
सीएम योगी ने गोरखपुर को “सोलर सिटी” बनाने की दिशा में भी बड़ा कदम बताते हुए चिलुआताल में 20 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की जानकारी दी। इसके साथ ही शहर में कई शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी केंद्रों के विकास का भी उल्लेख किया।
इस दौरान सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी बंधु सिंह और पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






