अयोध्या,07 अप्रैल। नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कचहरी और स्टेडियम परिसर में शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने और जल की गुणवत्ता की जांच तत्काल प्रभाव से कराने के आदेश भी दिए गए।

यह निर्णय नगर निगम की जनसुनवाई ‘संभव’ के दौरान लिया गया, जहां नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। जनसुनवाई में कुल 27 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 16 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को बाकी समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
महापौर ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम में फैलने वाली बीमारियों को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डायरिया, गैस्ट्रो, टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू, फायलेरिया और पीलिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका को देखते हुए पानी की सप्लाई प्वाइंट पर ही जांच और क्लोरीनेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस कार्य के लिए जल निगम और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सीवर लाइन जोड़ने, नालियों की नियमित सफाई और मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव को भी प्राथमिकता देने को कहा गया। महापौर ने पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। बछड़ा सुलतानपुर निवासी प्रकाशचंद्र द्विवेदी और बलराम मौर्य के नेतृत्व में नागरिकों ने पार्षद छोटू यादव के आवास से आलोक द्विवेदी के घर तक लगभग 100 मीटर सड़क निर्माण की मांग की। वहीं श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के रजनीश और अंकित कुमार ने जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सड़क और नाली निर्माण की आवश्यकता जताई।
दीपपुर शिवनगर के निवासी सुशील कुमार द्विवेदी ने अधूरे खड़ंजा निर्माण कार्य की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सफाई कर्मचारी नेता विनय बाघमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर मृतक आश्रित नियुक्ति के मामलों में तेजी लाने की मांग की। महापौर और नगर आयुक्त ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में नगर निगम के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व उपसभापति जयनारायण सिंह ‘रिंकू’, पार्षद अनुज दास, चंदन सिंह, अंकित त्रिपाठी और गणेशचंद्र मिश्र शामिल रहे। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त, जल निगम के अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर निगम लगातार जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है और भविष्य में भी इस प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा।
इस पहल से शहर में बुनियादी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी और स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





