अयोध्या, 11 अप्रैल।शासन की मंशा के अनुरूप परिवहन आयुक्त किंजल सिंह के निर्देशों के अनुपालन में जनपद अयोध्या में संचालित सभी स्कूलों को ऑनबोर्ड किए जाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय अयोध्या में 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
यह कैंप प्रातः 9:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें जनपद के सभी विद्यालयों को ऑनबोर्ड करने तथा उनके द्वारा संचालित वाहनों का ऑनलाइन पंजीकरण और निरीक्षण किया जाएगा।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ आरपी सिंह के मुताबिक ऐसे विद्यालय जिनके पास अपने वाहन उपलब्ध हैं, उनके वाहनों को भी अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड किया जाएगा। वहीं जिन विद्यालयों के पास स्वयं के वाहन नहीं हैं, उन्हें भी पोर्टल पर ऑनबोर्ड करना आवश्यक होगा।
कैंप में भाग लेने वाले विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने संस्थान का यूडायस (UDISE) नंबर, वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL), तथा संबंधित वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और परमिट की प्रतियां साथ लेकर उपस्थित हों। इससे विद्यालयों और उनके वाहनों का ऑनलाइन सत्यापन और इंस्पेक्शन की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकेगी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों और उनके वाहनों की ऑनबोर्डिंग तथा निरीक्षण की पूरी प्रक्रिया 14 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूर्ण की जानी है। इसके लिए सभी संबंधित संस्थानों को समयबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अतः सभी विद्यालयों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर कैंप में पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





