वाराणसी, 11 अप्रैल।शिव की नगरी वाराणसी में उत्तर प्रदेश पुलिस को जल्द ही 491 नई महिला आरक्षियों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं ये महिला कांस्टेबल 20 अप्रैल को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद आधिकारिक रूप से सेवा में तैनात हो जाएंगी।
योगी आदित्यनाथ सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित इन महिला आरक्षियों को 9 माह का कठोर प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें उन्हें शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आधुनिक पुलिसिंग के हर पहलू में पारंगत बनाया गया है। प्रशिक्षण के दौरान सॉफ्ट स्किल, दंगा नियंत्रण, शस्त्र संचालन और कानून की बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि ये महिला पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत तैयार की गई ये महिला आरक्षी न केवल अपराध नियंत्रण में योगदान देंगी, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को पुलिस सेवा में अवसर देकर एक संतुलित और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों को आधुनिक तकनीक से जुड़े अपराधों की रोकथाम, सीसीटीएनएस प्रणाली, साइबर क्राइम, फॉरेंसिक साइंस और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा भारतीय संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता और पुलिस नैतिकता जैसे विषयों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, इन महिला आरक्षियों को पुलिसिंग के हर पहलू में दक्ष बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में फिजिकल ट्रेनिंग के साथ-साथ विवेचना, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और संचार प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।
पुलिस लाइन में महिला आरक्षियों के रहने और खाने की बेहतर व्यवस्था की गई है। 12 मंजिला भवन और बैरकों में बंक बेड, आरओ पानी, कूलर, कैंटीन और एटीएम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पौष्टिक भोजन के लिए मेस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रशिक्षण के दौरान उनकी सेहत और क्षमता बनी रहे।

प्रशिक्षु महिला आरक्षियों का उत्साह भी देखने लायक है।
नीतू गौतम का कहना है, “पुलिस की वर्दी में मिशन शक्ति की सिपाही बनकर हर महिला को सुरक्षित महसूस कराएँगे। सरकार ने हमें अवसर दिया, अब हम समाज की सेवा और सुरक्षा में पूरा योगदान देंगे।”
कविता यादव ने कहा, “हम केवल पुलिस कर्मी नहीं, समाज में बदलाव की प्रतिनिधि बनना चाहती हैं। महिला आरक्षी कानून की रक्षा के साथ-साथ महिलाओं की आवाज़ बनेंगी और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को हर तबके तक पहुंचाएंगी।”
रोशनी देवी का कहना है, “योगी सरकार महिला सशक्तीकरण और रोजगार के अपने वादे को पूरा कर रही है। बड़ी भर्तियों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।”
सोनाली बताती हैं, “मैं प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र के अपने गांव की पहली बेटी हूं, जो पुलिस विभाग में भर्ती हुई है। अब गांव की अन्य बेटियां भी प्रेरित हो रही हैं और भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी ले रही हैं।”
इन महिला आरक्षियों का मानना है कि सरकार द्वारा दी गई इस अवसर का वे पूरा लाभ उठाते हुए समाज की सेवा और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगी। उनका लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
20 अप्रैल को होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को एक नई ताकत मिलेगी, जो न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि महिला सशक्तिकरण के मिशन को आगे बढ़ाएंगी
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





